Hindi News » breaking-news » 1 355 kg hashish recovered

डलहौज़ी में नाकाबंदी के दौरान 1.355 किलो चरस बरामद, पंजाब के तीन आरोपी गिरफ्तार

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (डलहौज़ी) :  जिला चंबा के डलहौज़ी क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 17 फरवरी 2026 को जीरो प्वाइंट गोली (NH-154A) पर पुलिस द्वारा की गई नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 1.355 किलोग्राम चरस/कैनाबिस बरामद की गई है। इस मामले में पुलिस ने मौके पर ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नाकाबंदी के दौरान वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन (PB02-BV 9316) को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को वाहन में संदिग्ध गतिविधि नजर आई, जिसके बाद टीम ने विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में मौजूद तीन व्यक्तियों के कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवजीत सिंह, कुलदीप सिंह और करण शर्मा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी अमृतसर (पंजाब) के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

इस संबंध में थाना डलहौज़ी में एफआईआर नंबर 14/25 दिनांक 17-02-2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

गौरतलब है की डीएसपी डलहौज़ी मयंक शर्मा की अगुआई  में  नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।