डलहौज़ी हलचल (चंबा) भूषण गुरंग : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (PM SHRI GSSS) रायपुर के छात्र आदित्य शर्मा ने राज्य स्तर पर आयोजित 32वीं चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस 2024-25 के अंतर्गत निबंध लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।
यह प्रतियोगिता 3 से 4 जून तक राजकीय महाविद्यालय ढलियारा, जिला कांगड़ा में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता का विषय “पारंपरिक ज्ञान प्रणाली और आधुनिक विज्ञान” था। आदित्य ने अपने निबंध में भारतीय पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के बीच संतुलन व समन्वय को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया।
इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्या राज कुमारी ने कहा कि आदित्य की सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम बताया। आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रवक्ता राजीव कुमार और समस्त शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि विषय की गहराई से समझ, सतत अभ्यास और सही दिशा में प्रयास से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
चंबा जिला के विज्ञान पर्यवेक्षक गौरव वैद के योगदान की भी विशेष सराहना की गई। प्रधानाचार्या ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में चंबा जिला विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। यह उपलब्धि न केवल आदित्य के लिए, बल्कि पूरे चंबा जिले के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों को विज्ञान व अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।