डलहौज़ी हलचल (ऊना), 14 मार्च। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से परिचित हो सकें। वह प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज हरोली के पांचवें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, समय का सही उपयोग और लगातार प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि विद्यार्थियों को समय-समय पर मंदिरों तथा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाए, ताकि वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से हरोली विधानसभा क्षेत्र को विकसित, शिक्षित और समृद्ध क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हरोली क्षेत्र के कई विद्यार्थी यहां के शैक्षणिक संस्थानों से शिक्षा प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। बढ़ेडा से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने वाली कई बेटियां देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं दे रही हैं, जबकि कानून की पढ़ाई करने वाले युवा न्यायाधीश और अधिवक्ता बनकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
हरोली में पेयजल योजनाओं पर लगभग एक हजार करोड़ खर्च
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की विभिन्न पेयजल योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगाए जा रहे सीसीटीवी
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इसके तहत पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जिससे किसी भी घटना की स्थिति में अपराधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 51 हजार और लाइब्रेरी के लिए 12 लाख की घोषणा
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने प्रोत्साहन स्वरूप 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज की लाइब्रेरी के लिए 12 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, प्रिंसिपल प्रो. राजिंदर कुमार, हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के चेयरमैन राकेश कौशल, संदीप अग्निहोत्री, पूर्व प्रधान रमन कुमारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

