डलहौज़ी हलचल (डलहौज़ी) : डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिमनी के आंगनबाड़ी केंद्र जंद्रेडा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता छाया देवी ने अपने उत्कृष्ट कार्य से चंबा जिले का नाम रोशन किया है। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा सम्मानित किया गया।
केंद्रीय मंत्रियों ने किया सम्मानित
दिल्ली में आयोजित इस भव्य समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने छाया देवी को उनके समर्पण और बेहतर कार्यों के लिए सम्मानित किया।
हिमाचल प्रदेश से पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान
छाया देवी के अलावा हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से चार अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें किन्नौर जिले की प्रेमा कुमारी, लाहौल-स्पीति की छेरिंग योदो, सिरमौर जिले की मीरा जोशी और उना जिले की जीवन लता शामिल हैं।
समाज सेवा में योगदान की सराहना
छाया देवी को यह सम्मान उनके द्वारा महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए किए गए सराहनीय कार्यों के लिए दिया गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल चंबा बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को गर्व की अनुभूति हुई है।