skip to content

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अवांह और होबार में पुस्तकालयों का किया लोकार्पण

Dalhousie Hulchul

डलहौज़ी हलचल (डलहौज़ी) : विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज ग्राम पंचायत अवांह एवं होबार में पुस्तकालयों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन का आधार है और एक सुशिक्षित व्यक्ति ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम होता है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकालयों में उच्चस्तरीय सुविधाएं

उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर पुस्तकालय खोलने का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवाओं को संसाधन मुहैया कराना है। प्रत्येक पुस्तकालय में 10 लाख रुपये की लागत से प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, हाई-स्पीड इंटरनेट और कंप्यूटर सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

युवाओं को दी प्रेरणा – पुस्तकें सच्चे मित्र की तरह मार्गदर्शन करती हैं

विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं से आग्रह किया कि वे सोशल मीडिया और इंटरनेट का सदुपयोग करें और पुस्तकालयों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि ग्राम पंचायत टुंडी, काहरी, रजैई, जीयूंता और ककीरा में भी जल्द ही पुस्तकालयों की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

अवांह व आसपास के क्षेत्रों के लिए 15 करोड़ की विकास परियोजनाएं स्वीकृत

अपने संबोधन में कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि अवांह और आसपास की ग्राम पंचायतों के लिए 15 करोड़ रुपये की लागत से सात संपर्क मार्गों के निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। साथ ही, उन्होंने महिला मंडल भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि देने का आश्वासन भी दिया।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

रामलीला ग्राउंड और खेल मैदान निर्माण के निर्देश

ग्राम पंचायत अवांह में आयोजित जनसभा के दौरान रामलीला ग्राउंड एवं कला मंच निर्माण को लेकर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर खेल मैदान निर्माण के लिए वन अधिकार अधिनियम के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा

जनसमस्याओं का मौके पर समाधान

विधानसभा अध्यक्ष ने इस दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

युवाओं के लिए पुस्तकालय महत्वपूर्ण – एसडीएम पारस अग्रवाल

उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) पारस अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में पुस्तकालय महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही, उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका पर भी विचार साझा किए।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति

इस अवसर पर राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक मंडल चेला कृष्ण चंद, राज्य सहकारी बैंक के सदस्य निदेशक मंडल राजकुमार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय कंवर, जिला कांग्रेस महासचिव राजीव कौशल, तहसीलदार सुमन धीमान, खंड विकास अधिकारी मनीष कुमार, अधिशासी अभियंता जल शक्ति राकेश ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के नरेंद्र चौधरी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
इस रंगीन दुनिया में खबरों का अपना अलग ही रंग होता है। यह रंग इतना चमकदार होता है कि सभी की आंखें खोल देता है। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि कलम में बहुत ताकत होती है।