डलहौज़ी हलचल (बकलोह)भूषण गुरुंग: बकलोह से घटासनी को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है मानो यह कोई सड़क नहीं, बल्कि खड्ड की ओर जाने वाला कच्चा रास्ता हो।
हल्की बारिश होते ही यह सड़क पूरी तरह गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे न केवल वाहन चालकों बल्कि पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा बन गया है।
इस सड़क से होकर रोजाना छोटे-छोटे बच्चे बकलोह केंद्रीय विद्यालय, घटासनी स्कूल और भराड़ी स्कूल तक पहुंचते हैं। सड़क पर गड्ढों में भरे गंदे पानी के कारण जब वाहन गुजरते हैं, तो बच्चों के कपड़ों और चेहरे पर छींटे पड़ते हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

वहीं वाहन चालकों को भी इस मार्ग पर हिचकोले खाते हुए सफर करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार, विजय कुमार, संदीप, सुरेश, अजय, मीनू, पूजा, ईशा, सावित्री, कालू और संजय कुमार ने लोक निर्माण विभाग हिमाचल प्रदेश से मांग की है कि इस सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस संबंध में विभाग के एसडीओ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल लगाने का टेंडर हो चुका है। उन्होंने कहा कि कालूगंज सड़क का कार्य पूरा होते ही घटासनी रोड पर भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

