डलहौजी हलचल (भरमौर): चंबा जिले के भरमौर स्थित प्रसिद्ध बन्नी माता मंदिर में नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं के साथ हुई एक शर्मनाक घटना ने क्षेत्र में रोष का माहौल पैदा कर दिया है। जिला कांगड़ा से माता के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो गाड़ी को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया और वाहन के चारों टायर पंचर कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रद्धालु चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मां बन्नी माता के दर्शन के लिए आए थे और उन्होंने अपनी गाड़ी मांधा गांव में खड़ी की थी। सुबह जब वे वाहन के पास पहुंचे तो गाड़ी के शीशे और अन्य हिस्से टूटे हुए पाए गए, जबकि चारों टायर पंचर थे।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण मौके पर न तो तुरंत मरम्मत की सुविधा उपलब्ध थी और न ही मैकेनिक आसानी से मिल पाया, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। इस घटना ने श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना भी पैदा कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना केवल वाहन तोड़फोड़ नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और अतिथि सत्कार की परंपरा पर सीधा आघात है। नवरात्रों के दौरान भरमौर क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे समय में इस तरह की घटना कई सवाल खड़े करती है।
लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र की धार्मिक व पर्यटन छवि बनी रहे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं की गई तो इसका असर धार्मिक पर्यटन पर भी पड़ सकता है, जिससे क्षेत्र की पहचान और अर्थव्यवस्था दोनों प्रभावित हो सकती हैं।

