Hindi News » breaking-news » bilaspur sbi locker gold missing 400 gram case himachal

तीन साल बाद खोला बैंक लॉकर, 400 ग्राम सोना गायब; SBI शाखा पर उठे सवाल

Dalhousie Hulchul

डलहौजी हलचल (बिलासपुर) प्रकाश चंद शर्मा  : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित State Bank of India की मुख्य बाजार शाखा में लॉकर से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विदेश से लौटी एक महिला ने जब करीब तीन साल बाद अपना बैंक लॉकर खुलवाया, तो वह पूरी तरह खाली मिला। महिला का दावा है कि लॉकर में लगभग 400 ग्राम सोने के गहने रखे हुए थे।

जानकारी के अनुसार रौड़ा सेक्टर की रहने वाली महिला पिछले कई वर्षों से इंग्लैंड में रह रही है। उसके पिता ने SBI की मुख्य बाजार शाखा में लॉकर लिया हुआ था और वही इसका उपयोग करते थे। करीब तीन वर्ष पूर्व उनके निधन से पहले उन्होंने लॉकर की चाबी अपनी बेटी को सौंपते हुए बताया था कि इसमें सोने के गहने रखे हैं।

पिता की मृत्यु के बाद महिला लॉकर नहीं खोल सकी और वापस इंग्लैंड चली गई। हाल ही में भारत लौटने के बाद वह बैंक पहुंची और नियमानुसार लॉकर खुलवाने की प्रक्रिया पूरी की। एक चाबी बैंक और दूसरी महिला की ओर से लगाई गई, लेकिन जैसे ही लॉकर खुला, वह पूरी तरह खाली मिला।

महिला का कहना है कि उसके पिता ने अंतिम समय में बताया था कि लॉकर में करीब 40 तोले यानी लगभग 400 ग्राम सोना रखा हुआ है, जो अब गायब है।

पहले बैंक ने झाड़ा पल्ला, अब जांच शुरू

मामला सामने आने के बाद शुरुआत में बैंक प्रबंधन ने इससे पल्ला झाड़ते हुए कहा कि इसमें बैंक की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती। हालांकि, महिला के विरोध के बाद अब बैंक ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शाखा के मुख्य प्रबंधक राहुल कुमार के अनुसार, संबंधित लॉकर पहले महिला के पिता के नाम पर था और महिला पहली बार इसे संचालित करने आई थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना ने बैंक लॉकर सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।