डलहौज़ी हलचल (धर्मशाला) : भाजपा महिला मोर्चा ज़िला पालमपुर द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर और ज़िला अध्यक्ष रागिनी रुकवाल भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा ने “नशा मुक्त हिमाचल” अभियान का संकल्प लिया और निर्णय लिया कि हर बूथ और शक्ति केंद्र पर नशे के खिलाफ एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। संजीव कटवाल ने इस अवसर पर महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि महिलाएं समाज में व्यक्ति निर्माण में अहम योगदान देती हैं और इस अभियान को भी गति प्रदान करेंगी।
50 वर्षों की प्रगति और नारी सशक्तिकरण
संजीव कटवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की परंपरा को 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इस दौरान नारी समुदाय ने अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि स्वावलंबी, स्वाभिमानी और सशक्त नारी ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जो महिलाओं को नेतृत्व प्रदान करने का अवसर देगा।

महिला केंद्रित योजनाओं से आत्मविश्वास को मिलेगी नई ऊंचाई
कटवाल ने कहा कि भारत सरकार की विभिन्न महिला केंद्रित योजनाएं महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समाज को महिलाओं को ऐसा वातावरण देना चाहिए, जहां वे भयमुक्त होकर अपने जीवन के निर्णय ले सकें।
उन्होंने आह्वान किया कि हमें एक ऐसे आदर्श समाज का निर्माण करना होगा, जहां कोई भी बेटी या बहन किसी भी समय, कहीं भी निडर होकर जा सके। हिमाचल की कानून व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव ही एक सुरक्षित और भयमुक्त समाज की नींव रखेगा।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि सामाजिक पूर्वाग्रह और रूढ़िवादी प्रथाएं महिलाओं की प्रगति में बाधक रही हैं और हमें महिलाओं को कमतर आंकने वाली मानसिकता को समाप्त करने की दिशा में काम करना होगा।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने महिला सशक्तिकरण और नशा मुक्त हिमाचल के संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ाने का प्रण लिया।