रामपुर बस हादसे में तीन लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने जताया शोक
डलहौज़ी हलचल | शिमला
शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के गारटोला में हुई दर्दनाक बस दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में घायल 21 लोगों का विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार जारी है।
मुख्यमंत्री ने दिए तत्काल राहत और बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध करवाई जाए तथा सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भी जताया गहरा दुख
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भी रामपुर के गारटोला में हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत प्रदान करने और घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
