भूरू नाग मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, आषाढ़ नाग मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
भूरू नाग मंदिर से शुरू हुई मेले की भव्य शोभायात्रा
डलहौज़ी हलचल | बनीखेत (चंबा)
जिला स्तरीय चार दिवसीय आषाढ़ नाग मेले का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री आशा कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने भूरू नाग मंदिर पधर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मेले की पारंपरिक शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
यह शोभायात्रा भूरू नाग मंदिर से शुरू होकर बनीखेत बस अड्डे तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

मेले और उत्सव हमारी संस्कृति की पहचान : आशा कुमारी
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए आशा कुमारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और यहां के मेले, उत्सव तथा धार्मिक आयोजन प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि मेले और त्योहार केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्थानीय देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा, धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का प्रतीक भी हैं।

भूरू नाग मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व
पूर्व मंत्री ने कहा कि भूरू नाग मंदिर क्षेत्र का एक ऐतिहासिक एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आयोजित होने वाला आषाढ़ नाग मेला वर्षों से लोगों की धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और धार्मिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
आशा कुमारी ने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक धरोहरों, ऐतिहासिक स्थलों और पारंपरिक लोक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक स्थापत्य कला और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित रखना समय की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी रह सकें।

दीप प्रज्ज्वलित कर किया सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ
सांयकालीन सत्र में आशा कुमारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
एसडीएम डलहौज़ी एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने मुख्य अतिथि को शॉल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में तहसीलदार रमेश चौहान, नगर पंचायत बनीखेत की कार्यवाहक सचिव राखी कौशल, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अतुल शर्मा, बिजली बोर्ड के पंकज राठौर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देवेंद्र राणा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
