भरमौर व्यापार मंडल ने एडीएम और एसडीएम का किया सम्मान, मणिमहेश यात्रा की तैयारियों पर रखीं अहम मांगें
डलहौज़ी हलचल | भरमौर (चंबा)
चौरासी व्यापार मंडल भरमौर के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नवनियुक्त एडीएम विकास शर्मा और एसडीएम अजय कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका शॉल, हिमाचली टोपी और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया। इस दौरान व्यापार मंडल ने स्थानीय व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ आगामी पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन के साथ विस्तार से चर्चा की।
यात्रा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। व्यापार मंडल ने विशेष रूप से बिजली, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग उठाई।
प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह
व्यापार मंडल ने प्रशासन से चौरासी मंदिर परिसर, कार्तिक स्वामी मंदिर, बनी माता मंदिर, भरमाणी माता मंदिर तथा पवित्र श्री मणिमहेश डल झील सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
एडीएम विकास शर्मा और एसडीएम अजय कुमार ने व्यापार मंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर श्री मणिमहेश यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर व्यापार मंडल के वरिष्ठ सदस्य देशराज शर्मा, प्रधान महेंद्र पटियाल, सचिव अभिलाष पटियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन पटियाल, कोषाध्यक्ष कालू शर्मा, प्रेस सचिव प्यार शर्मा सहित व्यापार मंडल के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
