‘चलो चम्बा’ अभियान को मिली नई रफ्तार! मिंजर मेले पर हर पंचायत में फहरेगा मिंजर ध्वज, पर्यटन बढ़ाने की नई योजना
डलहौज़ी हलचल | चम्बा
जिला चम्बा में पर्यटन को नई गति देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘चलो चम्बा’ अभियान की समीक्षा बैठक मंगलवार को उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, प्रमुख मेलों एवं उत्सवों को आकर्षक स्वरूप देने तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
‘चलो चम्बा’ अभियान से बढ़े पर्यटक
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि ‘चलो चम्बा’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और इसके माध्यम से जिले में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिले के प्रमुख मेलों एवं उत्सवों में अधिक से अधिक गतिविधियां शामिल की जाएं, ताकि चम्बा पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बन सके।
उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन कार्यक्रमों का वार्षिक कैलेंडर तैयार कर योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश भी दिए।
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले पर हर पंचायत में फहरेगा मिंजर ध्वज
उपायुक्त ने बताया कि 26 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का इस वर्ष उपमंडल स्तर पर भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि मिंजर मेले के शुभारंभ अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मिंजर ध्वज फहराया जाए। साथ ही सभी पंचायत प्रधान अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाएंगे।
अक्टूबर में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता और चुराह उत्सव
बैठक में बताया गया कि अक्टूबर माह में जिले में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ चुराह उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य साहसिक पर्यटन और सांस्कृतिक पर्यटन को नई पहचान देना है।
ट्रैकिंग रूट और पर्यटन सुविधाओं पर विशेष जोर
उपायुक्त ने वन विभाग द्वारा लमडल और दुआट महादेव के लिए विकसित किए जा रहे ट्रैकिंग रूट की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा खब्बी धार के लिए प्रस्तावित ट्रैक रूट का प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने को कहा गया। जिला विकास अधिकारी को स्वच्छ भारत मिशन के तहत खब्बी धार में पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालयों और पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
‘नॉट ऑन मैप’ ने साझा की गतिविधियों की जानकारी
जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए वर्ष 2025-26 के दौरान पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
वहीं ‘नॉट ऑन मैप’ संस्था के सह-संयोजक मनुज शर्मा ने जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खज्जियार, खब्बी धार, साल घाटी, भरमौर, पांगी तथा चम्बा क्षेत्र में संस्था लगातार कार्य कर रही है। साथ ही भूटान, नेपाल, भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर भी ‘चलो चम्बा’ अभियान का प्रचार-प्रसार किया गया है।
बैठक में जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनौरिया, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, अर्थशास्त्री (ग्रामीण विकास) विनोद कुमार, वन विभाग के अनुज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ‘नॉट ऑन मैप’ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
