चालुंज बस हादसे में मृत चालक-परिचालक के परिवारों की मदद को आगे आया ड्राइवर कल्याण संघ

चालुंज बस हादसे में मृत चालक और परिचालक के परिवारों की मदद के लिए ड्राइवर कल्याण संघ ने करीब पौने चार लाख रुपये की सहायता जुटाई।
चालुंज बस हादसे में मृत चालक-परिचालक के परिवारों की मदद को आगे आया ड्राइवर कल्याण संघ

डलहौज़ी हलचल | चंबा
चंबा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुंज मोड़ के पास हुए दर्दनाक निजी बस हादसे में जान गंवाने वाले चालक और परिचालक के परिवारों की मदद के लिए ऑल ड्राइवर कल्याण संघ और चालक-परिचालक यूनियन आगे आई हैं। विभिन्न जिला एवं मंडल इकाइयों ने आपसी सहयोग से करीब पौने चार लाख रुपये की राशि एकत्रित कर दोनों परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की।

परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

संगठन के पदाधिकारियों ने मृतक चालक और परिचालक की पत्नियों तथा बच्चों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस पहल के जरिए संगठन ने मुश्किल की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का संदेश दिया।

चालक के परिवार को दी आर्थिक सहायता

ऑल ड्राइवर कल्याण संघ चंबा के अध्यक्ष मनोज टंडन ने बताया कि सोलन, नालागढ़, लक्कड़ बाजार शिमला, करसोग, शिमला, घुमारवीं और चंबा की इकाइयों ने मिलकर सहायता राशि जुटाई।

उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले चालक रिंकू की धर्मपत्नी को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। इसके अलावा उनके तीन बच्चों के नाम पर 50-50 हजार रुपये की एफडी करवाई गई है।

चालक की छोटी बहन की शादी के लिए भी 51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

परिचालक की बेटी के नाम करवाई एफडी

मृतक परिचालक की धर्मपत्नी को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वहीं, परिचालक की बेटी के नाम पर 1 लाख 25 हजार रुपये की एफडी करवाई गई है।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन भविष्य में भी दोनों परिवारों के संपर्क में रहेगा और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

चालक और परिचालक के परिवारों की मदद के लिए की गई यह पहल मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करती है।

विज्ञापन