राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय चंबा के B.Voc छात्रों को बड़ी सफलता, पांच सितारा होटलों में मिला रोजगार
डलहौज़ी हलचल (चंबा): राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय चंबा के B.Voc पर्यटन और आतिथ्य विभाग तथा एडुब्रिज लर्निंग के संयुक्त प्रयासों से महाविद्यालय के विद्यार्थियों को देश के बड़े शहरों के नामी पांच सितारा होटलों, रिसॉर्ट्स और रेस्टोरेंट चेन में शानदार प्लेसमेंट मिला है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार छात्रों को अमृतसर, चंडीगढ़, कंडाघाट, उत्तराखंड, सिरमौर सहित विभिन्न स्थानों के प्रतिष्ठित होटल समूहों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
इन छात्रों को मिली प्रतिष्ठित संस्थानों में प्लेसमेंट
महाविद्यालय के विद्यार्थियों में आरती शर्मा, यश और अभिषेक को कंट्री इन होटल अमृतसर में प्लेसमेंट मिली है। वहीं नवीन और शिशु को होलीडे इन होटल चंडीगढ़ में रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है।
इसके अलावा हिमानी और मुस्कान ठाकुर को क्लब महिंद्रा रिसॉर्ट कंडाघाट, जबकि अस्तित्व और तुषार को वर्मा वर्मा रेस्टोरेंट चेन में प्लेसमेंट मिली है।
रोहित और प्रिंस को उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट स्थित वेलकम बाई आईटीसी होटल में, विशाल को आईटीसी सिरमौर तथा पंकज चौहान को होटल वेलकम बाई आईटीसी चंडीगढ़ में शानदार प्लेसमेंट प्राप्त हुई है।
पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं: डॉ. राकेश राठौर
राजकीय महाविद्यालय चंबा के प्राचार्य डॉ. राकेश राठौर ने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की अहम भूमिका रहेगी।
उन्होंने बताया कि हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म सेक्टर में रोजगार के अवसरों की कमी नहीं है। जो विद्यार्थी इस क्षेत्र में कौशल प्राप्त करते हैं, उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिलते हैं।
डॉ. राठौर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा स्किल मिशन की शुरुआत इसी उद्देश्य से की गई है ताकि युवा व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीकों जैसे AI और डेटा साइंस में भी दक्ष होना आवश्यक है।

B.Voc कोर्स से विद्यार्थियों को मिलता है प्रैक्टिकल एक्सपोजर
B.Voc विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. चमन सिंह ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय चंबा का व्यवसाय विभाग विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रतिष्ठित उद्योगों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित करता है।
उन्होंने कहा कि एडुब्रिज लर्निंग कंपनी तथा करियर परामर्श एवं प्लेसमेंट सेल के सहयोग से विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. चमन सिंह ने बताया कि B.Voc कोर्स विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि प्रैक्टिकल एक्सपोजर, इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग और व्यक्तित्व विकास के अवसर भी प्रदान करता है। यही कारण है कि कोर्स पूरा करने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर प्लेसमेंट मिल रही है।
पर्यटन उद्योग विकास और रोजगार का बड़ा आधार: कैलाश मन्हास
B.Voc पर्यटन और आतिथ्य विभाग के अंतिम वर्ष के प्रशिक्षक कैलाश मन्हास ने कहा कि आतिथ्य और पर्यटन उद्योग में युवाओं के लिए भविष्य उज्ज्वल है। यह क्षेत्र रोजगार के बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन उद्योग देश के विकास का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा कर रहा है। होटल इंडस्ट्री की बढ़ती मांग को देखते हुए आने वाले समय में इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं और अधिक बढ़ेंगी।
कैलाश मन्हास ने बताया कि यदि पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को उचित नीतिगत सहयोग और इंफ्रास्ट्रक्चर स्टेटस मिले, तो यह क्षेत्र करोड़ों नौकरियां पैदा करने की क्षमता रखता है।
