चंबा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 8 महीने में 62 केस, 88 तस्कर गिरफ्तार, संपत्तियों पर भी होगी कार्रवाई

चंबा जिले में 30 अगस्त 2026 तक नशा तस्करी के 62 मामले दर्ज कर 88 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उपायुक्त ने तस्करों की संपत्तियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
चंबा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 8 महीने में 62 केस, 88 तस्कर गिरफ्तार, संपत्तियों पर भी होगी कार्रवाई

नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी होगी नियमानुसार कार्रवाई

डलहौज़ी हलचल | चंबा

चंबा जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने अधिकारियों को नशा तस्करी में शामिल दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

उपायुक्त रविवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

नशा रोकथाम और जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए चलाई जा रही गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने संबंधित एसडीएम, पुलिस उपाधीक्षकों और अन्य अधिकारियों को कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रभावी रोक लगाने को कहा। इसके साथ ही चबाने वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

फर्जी चिकित्सकों और अनधिकृत दवा विक्रेताओं पर भी कार्रवाई

बैठक में उपायुक्त ने फर्जी चिकित्सकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला आयुष अधिकारी को अनधिकृत रूप से आयुर्वेदिक दवाइयों की बिक्री करने वालों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित किए गए मानव संसाधन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बनीखेत और डलहौजी में लगेंगी डिजिटल स्क्रीन

बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों बनीखेत और डलहौजी में उपयुक्त स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। इन माध्यमों से लोगों और पर्यटकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

8 महीने में 62 मामले, 88 आरोपी गिरफ्तार

जिला पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वर्ष 2026 में 30 अगस्त तक कुल 62 मामले दर्ज किए गए हैं।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार पुलिस ने इस दौरान 17.516 किलोग्राम चरस बरामद कर 30 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

इसी प्रकार 548.8 ग्राम चिट्टा बरामद कर 57 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

चिट्टा मामलों में सोना, चांदी और नकदी भी बरामद

चिट्टा से संबंधित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 216.900 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, दो आईफोन और 64,640 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

इसके अलावा पुलिस ने 2.169 किलोग्राम पोपी हस्क बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 868 पोपी के पौधे भी बरामद किए गए हैं।

नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

वर्ष 2026 में 30 अगस्त तक नशा तस्करी से जुड़े मामलों में कुल 88 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिला चंबा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रखा गया है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, एसडीएम चिराग शर्मा, सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी राहुल, उपनिदेशक कृषि डॉ. भूपेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. कर्ण हितैषी, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा, प्राचार्य राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राकेश राठौर, सहस्त्राब्दी बहु तकनीकी संस्थान के पुनीत महाजन, ओएसडी शिक्षा उमाकांत आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन