चंबा में मानव तस्करी रोकथाम पर जिला स्तरीय बैठक, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी विभागों को दिए सख्त निर्देश

चंबा में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में मानव तस्करी रोकथाम एवं बाल सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। गुमशुदा बच्चों और महिलाओं के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
चंबा में मानव तस्करी रोकथाम पर जिला स्तरीय बैठक, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी विभागों को दिए सख्त निर्देश

डलहौज़ी हलचल | चंबा

जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम, बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

गुमशुदगी के मामलों में तत्काल एफआईआर के निर्देश

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि मानव तस्करी और बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय और त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिए कि गुमशुदा बच्चों एवं महिलाओं के प्रत्येक मामले में बिना किसी विलंब के प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाए तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के प्रावधानों के अनुरूप खोज, बचाव और जांच की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत बनाने पर जोर

बैठक में बाल संरक्षण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों, अंतर्विभागीय समन्वय, डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग, पीड़ितों के पुनर्वास तथा परिवार से पुनर्मिलन की व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नवजात शिशुओं का आधार कार्ड बनवाने के निर्देश

उपायुक्त ने मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु के आधार नामांकन के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जाए तथा इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों का जन्म के समय ही आधार नामांकन करवाएं और निकटतम आधार केंद्र पर जाकर आधार कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।

मिशन वात्सल्य और डिजिटल पोर्टल की समीक्षा

बैठक में मिशन वात्सल्य तथा सीसीटीएनएस से जुड़े एकीकृत डिजिटल पोर्टल की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बाल संरक्षण एवं मानव तस्करी निरोधक तंत्र को तकनीकी रूप से और अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में जिला उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी राजेश रॉय, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष युगल किशोर मारवाह, तहसील कल्याण अधिकारी अनुराधा नाथ, ओएसडी प्रारंभिक शिक्षा उमाकांत, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. वैभवी गुरुंग तथा बाल कल्याण समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

विज्ञापन