चम्बा: जंगल में लकड़ियां लेने गई 11 वर्षीय छात्रा की ढांक से गिरकर मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
डलहौज़ी हलचल | गैहरा (चम्बा)
जिला चम्बा के गैहरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ब्रेही के खलोट गांव से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। जंगल में लकड़ियां एकत्रित करने गई 11 वर्षीय छात्रा की ढांक से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लकड़ियां लेने गई थी मासूम, अचानक फिसला पैर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मतो (11 वर्ष), पुत्री प्यार चंद, निवासी गांव खलोट, डाकघर ब्रेही के रूप में हुई है। वह स्थानीय विद्यालय में छठी कक्षा की छात्रा थी। रविवार को वह घर के समीप स्थित जंगल में सूखी लकड़ियां एकत्रित करने गई थी।
बताया जा रहा है कि जंगल के एक संकरे और ढलानदार रास्ते से गुजरते समय उसका पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठी और सैकड़ों फीट गहरी ढांक में जा गिरी। नीचे चट्टानों और पत्थरों पर गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, रास्ते में तोड़ा दम
कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय ग्रामीणों ने बच्ची को गंभीर हालत में ढांक में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा ले जाने लगे।
हालांकि गंभीर रूप से घायल छात्रा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर गैहरा पुलिस चौकी की टीम मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंची और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रशासन करेगा राहत राशि प्रदान
पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा नियमानुसार सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। वहीं प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को नियमानुसार फौरी राहत राशि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गांव में पसरा मातम
एक होनहार छात्रा की असामयिक मौत से पूरे खलोट गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
