चंबा पुलिस की बड़ी कामयाबी: चेन्नई से सकुशल बरामद हुई चुराह की लापता नाबालिगा
डलहौज़ी हलचल (चंबा): जिला चंबा के चुराह उपमंडल से लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को चंबा पुलिस ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से सकुशल बरामद कर लिया है। उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक चला यह 14 दिन लंबा तलाशी अभियान किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। कठिन परिस्थितियों, भाषा की समस्या और सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस टीम लगातार प्रयास करती रही और आखिरकार नाबालिग को सुरक्षित वापस चंबा ले आई।
जानकारी के अनुसार, चुराह क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 7 अप्रैल को महिला थाना चंबा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी लापता है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र का ही एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस की मदद ली गई।
साइबर सैल की मदद से चेन्नई पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। साइबर सैल की सहायता से मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी इनपुट जुटाए गए। जांच के दौरान युवती और संदिग्ध युवक की लोकेशन चेन्नई में ट्रेस हुई, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दक्षिण भारत रवाना किया।
बताया जा रहा है कि सात सदस्यीय पुलिस टीम को चंबा से चेन्नई पहुंचने और वापस लौटने में ट्रेन के माध्यम से करीब 10 दिन लगे, जबकि चेन्नई में चार दिन तक लगातार दोनों की तलाश की गई।
भाषा बनी सबसे बड़ी चुनौती
चेन्नई पहुंचने के बाद पुलिस टीम के सामने सबसे बड़ी समस्या स्थानीय भाषा को लेकर आई। इसके बावजूद टीम ने दिन-रात प्रयास जारी रखे। लगातार तकनीकी इनपुट और स्थानीय सहायता के आधार पर आखिरकार पुलिस टीम युवक और युवती तक पहुंचने में सफल रही।
दोनों को बरामद करने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन के समक्ष आवश्यक कानूनी एवं दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी की गईं। चार दिन की प्रक्रिया के बाद पुलिस टीम दोनों को लेकर चंबा रवाना हुई।
युवक हिरासत में, युवती परिजनों को सौंपी
चंबा पहुंचने पर पुलिस ने कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जबकि आरोपी युवक को पुलिस हिरासत में रखा गया है। अब नाबालिग के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिनके आधार पर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ने की पुष्टि
दिनेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला थाना चंबा में मामला दर्ज होने के बाद तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सैल की मदद से युवती और युवक की लोकेशन चेन्नई में ट्रेस की गई थी। पुलिस टीम ने दोनों को बरामद कर लिया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
