चंबा में 27 जुलाई को होगी ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ रचनात्मक प्रतियोगिता, युवाओं से आवेदन आमंत्रित

माई भारत चंबा द्वारा 27 जुलाई को राजकीय महाविद्यालय चंबा में ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। युवाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
चंबा में 27 जुलाई को होगी ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ रचनात्मक प्रतियोगिता, युवाओं से आवेदन आमंत्रित

डलहौज़ी हलचल | चंबा

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माई भारत चंबा द्वारा ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ विषय पर युवा रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन 27 जुलाई को राजकीय महाविद्यालय, चंबा में किया जाएगा। जिला युवा सेवाएं अधिकारी राहुल गर्ग ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।

रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से दिया जाएगा नशा मुक्ति का संदेश

राहुल गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से नशा मुक्त भारत का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा सामाजिक जागरूकता फैलाने के साथ-साथ अपनी कला और प्रतिभा का भी प्रदर्शन कर सकेंगे।

इन प्रतियोगिताओं में मिलेगा भाग लेने का अवसर

प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागी निम्नलिखित विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं—

  • मौलिक संगीत
  • नुक्कड़ नाटक
  • स्लैम पोएट्री
  • रील एवं लघु फिल्म
  • नृत्य
  • गायन

इन युवाओं से की गई भागीदारी की अपील

जिला युवा सेवाएं अधिकारी ने जिले के सभी युवाओं, विद्यार्थियों, एनएसएस, एनसीसी स्वयंसेवकों, नेहरू युवा केंद्र से जुड़े युवाओं तथा विभिन्न युवा क्लबों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक सभी प्रतिभागियों के लिए पहले माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। इसके बाद संबंधित प्रतियोगिता के लिए उसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। केवल ऑनलाइन आवेदन करने वाले प्रतिभागियों को ही प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी।

अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क

राहुल गर्ग ने बताया कि यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, समाज में सकारात्मक संदेश देने और ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’ राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगी।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी 01899-222329 पर संपर्क कर सकते हैं या mybharatchambahp@gmail.com पर ई-मेल भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

विज्ञापन