चंबा: शादी में आया युवक 100 मीटर गहरी खाई में गिरा, कठुआ निवासी 34 वर्षीय जीवन कुमार की मौत

चंबा जिले के सेरी नड्डल गांव में शादी समारोह में शामिल होने आए जम्मू-कश्मीर के कठुआ निवासी 34 वर्षीय युवक की 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चंबा: शादी में आया युवक 100 मीटर गहरी खाई में गिरा, कठुआ निवासी 34 वर्षीय जीवन कुमार की मौत

डलहौज़ी हलचल | चंबा

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। जिले के सेरी नड्डल गांव में शादी समारोह में शामिल होने आए जम्मू-कश्मीर के एक 34 वर्षीय युवक की करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भतीजी की शादी में शामिल होने आया था युवक

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जीवन कुमार (34) पुत्र केहर सिंह, निवासी गांव देवसल, तहसील बसोहली, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि जीवन कुमार 6 जुलाई को अपने माता-पिता और पत्नी के साथ चंबा जिले के सेरी नड्डल गांव अपनी बहन पुष्पा देवी की बेटी (भतीजी) की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। 7 जुलाई को विवाह की सभी रस्में और विदाई संपन्न होने के बाद परिवार घर पर ही मौजूद था।

फोन नहीं उठाया तो परिजनों को हुई चिंता

शाम के समय जब जीवन कुमार के पिता केहर सिंह ने उन्हें फोन किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिजन उनकी तलाश में घर से बाहर निकले।

तलाश के दौरान सड़क किनारे जमीन पर घिसटने के निशान दिखाई दिए। जब परिजनों ने नीचे खाई की ओर देखा तो एक चप्पल नजर आई। इसके बाद वे करीब 100 मीटर नीचे उतरे, जहां जीवन कुमार गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में पड़े मिले।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

परिजन तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

विज्ञापन