डलहौजी में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दौड़ रही कार पकड़ी, पुलिस ने वाहन किया जब्त

डलहौजी पुलिस ने 112 हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद फर्जी नंबर प्लेट लगी कार को जब्त किया। चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
डलहौजी में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दौड़ रही कार पकड़ी, पुलिस ने वाहन किया जब्त

112 हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

डलहौज़ी हलचल | डलहौजी

डलहौजी पुलिस ने 112 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रही एक कार को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

शिकायत के बाद पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 को कार नंबर HP54A 5872 के वास्तविक मालिक ने 112 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी गाड़ी उसके घर पर खड़ी है, जबकि उसी नंबर का Idle Parking चालान डलहौजी पुलिस द्वारा किया गया है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि उसकी गाड़ी के नंबर का कोई अन्य व्यक्ति अवैध रूप से उपयोग कर रहा है।

शिकायत मिलते ही डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि उक्त नंबर की गाड़ी दिखाई देने पर तुरंत रोककर जांच की जाए तथा इसकी सूचना उन्हें दी जाए।

बस अड्डा डलहौजी में पकड़ी गई कार

निर्देशों के अनुसार बस अड्डा डलहौजी में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी विनोद कुमार ने संदिग्ध कार HP54A 5872 को रोक लिया। वाहन चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम निजय कुमार, पुत्र खजान सिंह, निवासी गांव लक्कड़मंडी, तहसील डलहौजी, जिला चंबा बताया।

जांच के दौरान चालक वाहन के नंबर से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस द्वारा गहन जांच करने पर पता चला कि वाहन का वास्तविक पंजीकरण नंबर DL 5CH 4569 है, जबकि उस पर HP54A 5872 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।

वाहन जब्त, चालक पर कार्रवाई

पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 181, 196, 192 और 177 के तहत चालान किया। इसके अलावा वाहन को धारा 207 के तहत जब्त (Impound) कर पुलिस थाना डलहौजी में खड़ा कर दिया गया है।

पुलिस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि फर्जी नंबर प्लेट किस उद्देश्य से लगाई गई थी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

विज्ञापन