डलहौज़ी में पत्रकार पर कथित हमला, लाइव कवरेज के दौरान खाई में धकेलने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

डलहौज़ी में कथित चोरी की लाइव कवरेज के दौरान पत्रकार अपूर्व महाजन पर हमले और खाई में धकेलने का आरोप। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डलहौज़ी में पत्रकार पर कथित हमला, लाइव कवरेज के दौरान खाई में धकेलने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

डलहौज़ी हलचल | डलहौज़ी (चंबा)

पर्यटन नगरी डलहौज़ी में रविवार को एक पत्रकार पर कथित हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण सामग्री की कथित चोरी की सूचना पर मौके पर पहुंचे ‘हिमसत्ता’ न्यूज़ नेटवर्क के मुख्य संपादक अपूर्व महाजन के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की तथा उन्हें डंगे के नीचे खाई में धक्का दे दिया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

निर्माण सामग्री की कथित चोरी की सूचना पर पहुंचे थे मौके पर

ठेकेदार नरिंदर सिंह बोबी के अनुसार, डलहौज़ी बस स्टैंड के समीप रखी उनकी ईंटें और रेत कथित रूप से कुछ लोगों द्वारा बेच दिए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना की पुष्टि करने के लिए वह पत्रकार अपूर्व महाजन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे।

लाइव कवरेज के दौरान मारपीट के आरोप

बताया गया है कि जैसे ही अपूर्व महाजन ने मोबाइल फोन से घटना की लाइव कवरेज शुरू की, उसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ कथित रूप से मारपीट की। आरोप है कि उनका मोबाइल फोन छीनकर नीचे फेंक दिया गया और हाथापाई के दौरान उन्हें डंगे के नीचे खाई में धक्का दे दिया गया। दावा किया गया है कि घटना का कुछ हिस्सा मोबाइल की लाइव रिकॉर्डिंग में भी दर्ज हुआ है।

घायल पत्रकार का अस्पताल में उपचार

घटना में अपूर्व महाजन के सिर, नाक और दोनों हाथों में चोटें आईं। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल डलहौज़ी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार प्रदान किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी डलहौज़ी मयंक शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल पत्रकार को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने संबंधित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल पहुंचे पत्रकार और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि

घटना की जानकारी मिलते ही डलहौज़ी प्रेस क्लब के पत्रकार, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शहर के कई गणमान्य नागरिक अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार का कुशलक्षेम जाना। उपस्थित लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की।

विज्ञापन