नगर परिषद डलहौजी की बैठक में विकास कार्यों पर मंथन, ‘विजन डलहौजी 2025’ की हुई समीक्षा

डलहौजी नगर परिषद की साधारण बैठक में विजन डलहौजी 2025, वित्तीय स्थिति और वार्डवार विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सभी वार्डों के समान विकास का भरोसा दिया गया।
नगर परिषद डलहौजी की बैठक में विकास कार्यों पर मंथन, ‘विजन डलहौजी 2025’ की हुई समीक्षा

डलहौज़ी हलचल | डलहौज़ी

डलहौजी नगर परिषद की साधारण बैठक शुक्रवार को नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वंदना कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपाध्यक्ष श्रीमती झुक्तयाल जरियाल सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षदों ने भाग लिया। बैठक के दौरान नगर परिषद के विकास कार्यों, वित्तीय स्थिति तथा वार्डवार प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

‘विजन डलहौजी 2025’ की हुई समीक्षा

बैठक की शुरुआत में नगर परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती राखी कौशल ने ‘विजन डलहौजी 2025’ के अंतर्गत प्रस्तावित एवं प्रगतिशील 25 विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी सदन के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना से भी सदस्यों को अवगत कराया।

वित्तीय स्थिति पर हुई चर्चा

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने नगर परिषद की वर्तमान वित्तीय स्थिति का ब्यौरा भी बैठक में प्रस्तुत किया। इस दौरान उपलब्ध बजट, विकास कार्यों के लिए संसाधनों तथा भविष्य की वित्तीय योजनाओं पर चर्चा की गई।

वार्डवार समस्याएं और विकास योजनाएं उठाईं

इसके बाद एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा शुरू हुई, जिसमें सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं, विकास योजनाओं और स्थानीय प्राथमिकताओं को प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा। सदस्यों ने लंबित विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर उन्हें जल्द धरातल पर उतारने का आग्रह किया।

सभी वार्डों के समान विकास का आश्वासन

नगर परिषद अध्यक्ष वंदना कुमारी ने सभी पार्षदों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर परिषद सभी वार्डों का संतुलित एवं समान विकास सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि उपलब्ध बजट और प्राथमिकताओं के अनुसार विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से स्वीकृति देकर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा।

बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ तथा नगर के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों ने मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विज्ञापन