डलहौजी में हूटर बजाकर घूम रहे पर्यटक वाहन पर पुलिस की कार्रवाई, दस्तावेज अधूरे मिलने पर किया बॉन्ड
डलहौज़ी हलचल | डलहौज़ी
पर्यटन नगरी डलहौजी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शुक्रवार को अमृतसर से आए एक पर्यटक वाहन पर कार्रवाई की। वाहन चालक अनधिकृत रूप से हूटर का इस्तेमाल कर रहा था। जांच के दौरान वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी अधूरे पाए गए।
डीएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही डीएसपी मयंक शर्मा ने यातायात पुलिस को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद यातायात शाखा में तैनात एचएएसआई देस राज ने वाहन की जांच की और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को बॉन्ड कर लिया।
यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी
डीएसपी मयंक शर्मा ने कहा कि डलहौजी आने वाले सभी पर्यटक सम्मानित अतिथि हैं और “अतिथि देवो भव” की भावना के साथ उनका स्वागत किया जाता है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के साथ-साथ शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात बनाए रखना भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें तथा बिना अनुमति हूटर, प्रेशर हॉर्न अथवा अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का उपयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।