उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों का किया निरीक्षण, कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड प्रबंधन की समीक्षा
डलहौज़ी हलचल | चंबा
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित सहायक पंजीयक (सहकारी सभाएं), जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक तथा तहसीलदार (निर्वाचन) कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कार्य प्रगति, रिकॉर्ड प्रबंधन, साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुराने रिकॉर्ड के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में रखे गए अनावश्यक एवं पुराने रिकॉर्ड का निर्धारित नियमों के अनुसार जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए, ताकि कार्यालयों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके और रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके।
सहकारी समितियों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
उपायुक्त ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्थानीय स्तर पर दूध उत्पादन तथा अन्य कृषि उत्पादों के विपणन और बिक्री को सहकारी सभाओं के माध्यम से बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों और दुग्ध उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

अधिकारी भी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान सहायक पंजीयक (सहकारी सभाएं) सुरजीत धीमान, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक करण ठाकुर, तहसीलदार (निर्वाचन) अनूप डोगरा, जिला अंकेक्षण अधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
