देहरा में महिला की आंखों में मिर्ची जैसा पदार्थ डालकर चेन छीनने का प्रयास, आरोपी फरार
डलहौज़ी हलचल | देहरा
कांगड़ा जिले के नगर परिषद देहरा क्षेत्र में सोमवार रात महिला से चेन छीनने का मामला सामने आया है। महिला के अनुसार, वह रात का खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसकी आंखों में मिर्ची जैसा पदार्थ डाल दिया और गले में पहनी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया।
आंखों में पदार्थ डालकर किया चेन छीनने का प्रयास
महिला ने बताया कि आरोपी ने अचानक उसकी आंखों में कोई पदार्थ फेंका, जिससे तेज जलन होने लगी। इसके बाद उसने महिला के गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। हालांकि, चेन महिला की बाजू में फंस गई और आरोपी उसे लेकर भागने में सफल नहीं हो पाया।
शोर मचाने पर अंधेरे में फरार हुआ आरोपी
घटना के दौरान महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों को आते देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। महिला की आंखों में डाला गया पदार्थ वास्तव में मिर्ची था या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।
एएसपी देहरा नवदीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान तथा तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
