मिंजर मेला-2026: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता करेंगे आगाज, लक्ष्मी नारायण मंदिर में मिंजर अर्पित कर पहुंचेंगे ऐतिहासिक चौगान Slug
डलहौज़ी हलचल | चंबा
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता 26 जुलाई को चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ करेंगे। राज्यपाल के तीन दिवसीय प्रवास कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि राज्यपाल 25 जुलाई को डलहौजी पहुंचेंगे और अगले दिन पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मिंजर मेले का आगाज करेंगे।
25 जुलाई को डलहौजी पहुंचेंगे राज्यपाल
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता 25 जुलाई, शनिवार को सायं डलहौजी पहुंचेंगे। उनका रात्रि ठहराव डलहौजी स्थित परिधि गृह में रहेगा।
इसके बाद 26 जुलाई को राज्यपाल चंबा पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के शुभारंभ से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में मिंजर अर्पित कर निभाएंगे परंपरा
26 जुलाई को सुबह 10 बजे राज्यपाल श्री लक्ष्मी नारायण जी को मिंजर अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे चंबा के ऐतिहासिक चौगान में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
मिंजर अर्पित करने की यह परंपरा चंबा के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले इस मेले का प्रमुख हिस्सा है।
शाम 8:35 बजे सांस्कृतिक संध्या का करेंगे शुभारंभ
मिंजर मेले के उद्घाटन के बाद राज्यपाल दिनभर निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसी दिन सायं 8:35 बजे अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ भी राज्यपाल द्वारा किया जाएगा।
इसके बाद उनका रात्रि ठहराव चंबा स्थित परिधि गृह में रहेगा।
27 जुलाई को पठानकोट के लिए होंगे रवाना
उपायुक्त के अनुसार राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता 27 जुलाई को सुबह 9 बजे पठानकोट के लिए प्रस्थान करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला चंबा की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा प्रमुख उत्सव है। राज्यपाल के हाथों 26 जुलाई को विधिवत शुभारंभ के साथ इस वर्ष के मिंजर महोत्सव का आगाज होगा।
