चिट्टा मुक्त हिमाचल की मुहिम तेज: राज्यपाल ने लॉन्च किया ‘एलीवेट’ अभियान, युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने लोक भवन में ‘एलीवेट-एक्सपीरियंस द रियल हाई’ अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं और समाज से नशा मुक्त भारत के संकल्प को सफल बनाने का आह्वान किया।
चिट्टा मुक्त हिमाचल की मुहिम तेज: राज्यपाल ने लॉन्च किया ‘एलीवेट’ अभियान, युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

डलहौज़ी हलचल | शिमला

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने लोक भवन में आयोजित समारोह के दौरान ‘एलीवेट-एक्सपीरियंस द रियल हाई, ए स्टेप टुवर्ड्स ड्रग-फ्री हिमाचल’ अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान अनुव्रत विश्व भारती सोसायटी द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में नशा उन्मूलन के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाना है।

राज्यपाल ने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही नशे के दुष्प्रभावों के बारे में शिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशे के खिलाफ मिशन मोड में सामूहिक अभियान चलाने का आह्वान किया।

‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को मिलेगा बल

राज्यपाल ने कहा कि यह अभियान केवल हिमाचल प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशभर में जनजागरूकता का माध्यम बनेगा। उन्होंने इसे ‘नशा मुक्त भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के बल पर आगे बढ़ना चाहिए, न कि नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ‘एलीवेट’ का अर्थ ऊंचाइयों तक पहुंचना है और वास्तविक ऊंचाई स्वस्थ, उद्देश्यपूर्ण तथा सेवा-भाव से परिपूर्ण जीवन जीने में निहित है।

शिक्षक और परिवार निभाएं अहम भूमिका

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका युवा पीढ़ी के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि शिक्षक नियमित रूप से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें तो उन्हें नशे की ओर बढ़ने से रोका जा सकता है।

उन्होंने बदलती सामाजिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एकल परिवारों के बढ़ते चलन के कारण युवाओं को बुजुर्गों का मार्गदर्शन पहले की तरह नहीं मिल पा रहा है। इससे अकेलापन, तनाव और नशे की ओर झुकाव जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मजबूत पारिवारिक संबंधों, खुले संवाद और भावनात्मक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

हिमाचल को नशा मुक्त बनाने का आह्वान

राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश भी अब नशे की बढ़ती समस्या से अछूता नहीं रहा है। यदि प्रदेश का युवा वर्ग नशामुक्त रहेगा तो वह राज्य को अधिक सशक्त, स्वस्थ और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने सभी नागरिकों से नशे के खिलाफ इस जन-अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने नशा उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया तथा नशा जागरूकता पर आधारित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर एनआईटी जालंधर के निदेशक एवं एनआईटी श्रीनगर के अतिरिक्त निदेशक प्रो. विनोद कुमार कनोजिया, एलीवेट के राष्ट्रीय आउटरीच प्रमुख संयोग दत्त शर्मा, विद्या भारती हिमाचल प्रदेश के संगठन मंत्री ज्ञान कुमार, समाजसेवी गोपाल किशन, राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विज्ञापन