अब अपराधियों की हर गतिविधि पर रहेगी नजर! हरोली बना हिमाचल का पहला फुल CCTV विधानसभा क्षेत्र

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना के हरोली में 5.50 करोड़ रुपये के 'आईना' कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन किया। 195 CCTV कैमरों से पूरा विधानसभा क्षेत्र रहेगा निगरानी में।
अब अपराधियों की हर गतिविधि पर रहेगी नजर! हरोली बना हिमाचल का पहला फुल CCTV विधानसभा क्षेत्र

डलहौज़ी हलचल | ऊना

हिमाचल प्रदेश का हरोली विधानसभा क्षेत्र अब राज्य का पहला पूर्ण सीसीटीवी निगरानी वाला विधानसभा क्षेत्र बन गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को ऊना जिले के हरोली में 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक ‘आईना’ कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का लोकार्पण किया। यह केंद्र आधुनिक तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रदेश की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

195 CCTV कैमरों से होगी चौबीसों घंटे निगरानी

मिनी सचिवालय स्थित डीएसपी कार्यालय में स्थापित इस कमांड सेंटर के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के 60 संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए गए 195 हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब अपराध की नीयत से हरोली में प्रवेश करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून की नजर से बच नहीं सकेगा। संदिग्ध या अपराध में प्रयुक्त वाहन क्षेत्र में प्रवेश करते ही कमांड सेंटर को स्वतः अलर्ट प्राप्त होगा, जिससे पुलिस तत्काल कार्रवाई कर सकेगी।

हिमाचल की पहली पूर्णतः वायरलेस कमांड प्रणाली

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि ‘आईना’ प्रदेश की पहली पूर्णतः वायरलेस कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली है। सेंटर में स्थापित 19 एलईडी वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे विधानसभा क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। सिस्टम में तीन महीने तक का डेटा सुरक्षित रखने की क्षमता है, जबकि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की स्थिति में भी आठ घंटे तक का डेटा सुरक्षित रहेगा।

इसके अलावा लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत से सात इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) भी स्थापित किए गए हैं, जिनकी मदद से यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी रहेगी नजर

नई व्यवस्था के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग और सीट बेल्ट का उपयोग न करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी स्वचालित निगरानी रखी जाएगी। इससे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित होगा।

जल्द शुरू होगा हरोली बस डिपो

उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले कुछ दिनों में हरोली बस डिपो जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं और विभिन्न रूट निर्धारित किए जा चुके हैं। यहां से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला और एम्स बिलासपुर सहित कई प्रमुख गंतव्यों के लिए नियमित बस सेवाएं शुरू की जाएंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि टाहलीवाल में नए पुलिस थाना भवन का निर्माण जल्द शुरू होगा तथा पुलिस विभाग को आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधन और मानवबल उपलब्ध कराया जाएगा।

स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई परियोजनाओं को भी मिलेगी गति

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली अस्पताल को 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तरों का बनाने के लिए 8.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से चार करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।

इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र में लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं 75 करोड़ रुपये की बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-2 तथा 97 करोड़ रुपये की कमांड एरिया डेवलपमेंट एवं मॉडर्नाइजेशन परियोजना के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

बल्क ड्रग पार्क से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दो हजार करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी बल्क ड्रग पार्क परियोजना पर कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही इसकी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बड़े निवेश के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।

एसपी ने बताईं ‘आईना’ की प्रमुख विशेषताएं

पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि हरोली उपमंडल के 60 स्थानों पर कुल 195 कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें 103 ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और 92 अन्य सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं। ANPR तकनीक के माध्यम से संदिग्ध वाहनों की तुरंत पहचान कर उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि नई प्रणाली सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी रखकर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी।

विज्ञापन