आपदा में सहारा बने हिमाचली दिल –हिमाचल मित्र मण्डल दिल्ली ने मंडी में बाढ़ पीड़ितों को बांटी आर्थिक सहायता
डलहौज़ी हलचल (दिल्ली) जीएल महाजन : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कार्यरत हिमाचल मित्र मण्डल दिल्ली (रजि.) और हिमाचल मंडी जनकल्याण सभा (रजि.) दिल्ली ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में बादल फटने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की। दोनों संस्थाओं ने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले परिवारों की बेटियों को आर्थिक रूप से गोद लेने की भी पेशकश की है।rn
8 ज़रूरतमंद परिवारों को मिली राहत राशि
rnहिमाचल मित्र मण्डल के चीफ पैट्रन श्री किशोरी लाल शर्मा ने जानकारी दी कि संस्था ने एस.डी.एम. गोहर के माध्यम से 8 अति-जरूरतमंद परिवारों को एस.डी.एम. कार्यालय बुलाकर प्रति परिवार ₹10,000 की सहायता राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त, करसोग क्षेत्र के 7 प्रभावित परिवारों को भी इसी तरह की आर्थिक सहायता दी गई। संस्था द्वारा धर्मपुर क्षेत्र के 21 प्रभावित परिवारों की पहचान की गई है, जिन्हें शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं सराज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों को एस.डी.एम. थुनाग के माध्यम से चिह्नित कर राहत दी जाएगी। किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि वर्ष 2023 में भी संस्थाओं ने आपदा प्रभावित लोगों को सहायता दी थी और मुख्यमंत्री राहत कोष में भी योगदान दिया गया था।rnrn
संस्कृति, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय
rnहिमाचल मित्र मण्डल और मंडी जनकल्याण सभा दिल्ली द्वारा हिमाचली संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार के लिए दिल्ली में समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। संस्थाओं ने अब तक मंडी ज़िले में रोटरी आई फाउंडेशन अस्पताल, मरांडा के सहयोग से 46 निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर आयोजित किए हैं। इसके अलावा, राजीव गांधी कैंसर अस्पताल, दिल्ली के सहयोग से कई कैंसर जागरूकता एवं जांच शिविर भी लगाए गए हैं। दोनों संस्थाओं ने कुछ लड़कियों और लड़कों को आर्थिक रूप से गोद लेकर उनके संपूर्ण खर्च की जिम्मेदारी भी ली है। इसके अलावा संस्था अन्य कई सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से भाग लेती रही है।rnrn
