एचपी शिवा परियोजना: मंडी के बाड़ी क्लस्टर में लगेंगे 7777 अमरूद के पौधे, किसानों को मिला वैज्ञानिक प्रशिक्षण

एचपी शिवा परियोजना के तहत मंडी के बाड़ी क्लस्टर में 7777 अमरूद के पौधे लगाए जाएंगे। किसानों को वैज्ञानिक पौधरोपण तकनीक और ऑन-फील्ड प्रशिक्षण भी दिया गया।
एचपी शिवा परियोजना: मंडी के बाड़ी क्लस्टर में लगेंगे 7777 अमरूद के पौधे, किसानों को मिला वैज्ञानिक प्रशिक्षण

डलहौज़ी हलचल | मंडी

हिमाचल प्रदेश को फल उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार और बागवानी विभाग के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्यवर्द्धन (एचपी शिवा) परियोजना के तहत मंडी जिले के विकास खंड सदर के बाड़ी क्लस्टर में एक दिवसीय पौधरोपण अभियान एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लाभार्थी किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

किसानों को दिया गया वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण शिविर के दौरान बागवानी विशेषज्ञों ने किसानों को अमरूद के पौधों के वैज्ञानिक तरीके से रोपण की विस्तृत जानकारी दी। किसानों को खेत में ले जाकर ऑन-फील्ड डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से गड्ढों की तैयारी, खाद की उचित मात्रा, पौधरोपण की विधि तथा आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर किसानों को अमरूद की उन्नत किस्मों वीएनआर विही और जॉर्वी रेड के पौधे भी वितरित किए गए।

सात हेक्टेयर क्षेत्र में लगाए जाएंगे 7777 पौधे

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बागवानी उपनिदेशक डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत बाड़ी क्लस्टर के लगभग सात हेक्टेयर क्षेत्र में इस सीजन के दौरान 7777 अमरूद के पौधे लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना आने वाले वर्षों में किसानों की आय बढ़ाने, उनकी आजीविका मजबूत करने तथा क्षेत्र में फल उत्पादन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

दो माह में तैयार हुआ क्लस्टर

डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के मार्गदर्शन में मात्र दो महीने पहले इस क्लस्टर का चयन किया गया था। विभाग की सक्रिय कार्यप्रणाली और टीम वर्क के चलते इतने कम समय में भूमि तैयार कर बड़े स्तर पर पौधरोपण कार्य प्रारंभ किया गया।

स्थानीय किसान भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सदर ब्लॉक की बागवानी विकास अधिकारी डॉ. शिक्षा, एचपी शिवा परियोजना की ब्लॉक टीम, स्थानीय प्रगतिशील किसान तथा लाभार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

विज्ञापन