कांगड़ा में चलती HRTC बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से 30 यात्रियों की बची जान
डलहौज़ी हलचल | कांगड़ा
कांगड़ा जिले के धीरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब कलूना गांव के पास हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के पालमपुर डिपो की एक चलती बस में अचानक आग लग गई। चालक की सतर्कता और सूझबूझ के चलते बस में सवार करीब 25 से 30 यात्रियों को समय रह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

धुआं उठते ही चालक ने रोकी बस
जानकारी के अनुसार HRTC की बस सरूट–पालमपुर (वाया क्यारवां, चौकी परमारनगर, धीरा) रूट पर नियमित सेवा दे रही थी। जब बस कलूना गांव के पास एक मोड़ पर पहुंची तो चालक ने वाहन से धुआं निकलते देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया।
कुछ ही मिनटों में बस जलकर हुई राख
यात्रियों के सुरक्षित उतरने के कुछ ही देर बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
अग्निशमन विभाग ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग धीरा की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
