10वीं के टॉपर कनिष्क कुमार ने संभाली एक दिन के एसडीएम की जिम्मेदारी, फाइलें देखीं और सुनीं जनसमस्याएं

भरमौर में 'एक दिन उपमंडलाधिकारी' कार्यक्रम के तहत मेधावी छात्र कनिष्क कुमार ने एक दिन के एसडीएम की जिम्मेदारी संभालकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
10वीं के टॉपर कनिष्क कुमार ने संभाली एक दिन के एसडीएम की जिम्मेदारी, फाइलें देखीं और सुनीं जनसमस्याएं

डलहौज़ी हलचल | भरमौर

विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से उपमंडलीय प्रशासन भरमौर द्वारा ‘एक दिन उपमंडलाधिकारी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर के मेधावी छात्र कनिष्क कुमार को एक दिन के लिए उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) की जिम्मेदारी सौंपी गई।

दसवीं में उपमंडल में किया था सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

कनिष्क कुमार, पुत्र सुभाष कुमार, निवासी मलकौता, तहसील भरमौर, ने दसवीं कक्षा की परीक्षा में भरमौर उपमंडल में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए थे। उन्होंने अपनी दसवीं की शिक्षा शिवालिक पब्लिक स्कूल भरमौर से पूरी की और वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर में जमा दो कक्षा के विद्यार्थी हैं।

शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर किया स्वागत

एसडीएम कार्यालय पहुंचने पर एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने कनिष्क कुमार का शॉल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था, सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों के दायित्वों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

फाइलों का निपटारा किया, समीक्षा बैठक में भी हुए शामिल

एक दिन के एसडीएम के रूप में कनिष्क कुमार ने विभिन्न प्रशासनिक फाइलों का अवलोकन किया, आवश्यक मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को समझा तथा आम नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लेकर तहसील, न्यायालय, राजस्व, विकास कार्यों और जन शिकायतों से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की।

“यह अनुभव मेरे लिए बेहद प्रेरणादायक रहा”

कनिष्क कुमार ने कहा कि एक दिन के लिए एसडीएम की जिम्मेदारी निभाना उनके जीवन का यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियों और सरकारी कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला, जो भविष्य में उनके लिए प्रेरणादायक रहेगा।

युवाओं में नेतृत्व और लोकसेवा की भावना विकसित करने की पहल

एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और लोकसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं को शासन-प्रशासन से जोड़ने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

विज्ञापन