दोस्त को बचाने के लिए कुर्बान कर दी जान: कुल्लू के निखिल ने पेश की दोस्ती और बहादुरी की मिसाल

दोस्त की जान बचाकर खुद बह गया निखिल, कुल्लू की घटना ने नम कर दीं हर आंखें
दोस्त को बचाने के लिए कुर्बान कर दी जान: कुल्लू के निखिल ने पेश की दोस्ती और बहादुरी की मिसाल

डलहौज़ी हलचल (कुल्लू): जिला कुल्लू की लगवैली घाटी में दोस्ती, साहस और निस्वार्थता की ऐसी मिसाल देखने को मिली है, जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। खलाड़ानाला में एक 25 वर्षीय युवक ने डूब रहे अपने दोस्त की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। उसने अपने साथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद तेज बहाव की चपेट में आकर जिंदगी की जंग हार गया।

मृतक की पहचान निखिल कुमार (25) पुत्र कमल किशोर निवासी हवाई (शियाह), तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार निखिल शुक्रवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ शिरढ़ मेले से लौट रहा था। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सभी युवक खलाड़ानाला के समीप लगवैली नदी में नहाने के लिए उतर गए।

इसी दौरान निखिल का एक साथी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अपने दोस्त को संकट में देखकर निखिल ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी। उसने पूरी बहादुरी और सूझबूझ के साथ अपने साथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इस दौरान वह स्वयं नदी के तेज बहाव में फंस गया और धारा उसे बहाकर ले गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और समीप स्थित एक परियोजना के कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद निखिल को नदी से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवा बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है। निखिल के साहसिक कदम की हर कोई सराहना कर रहा है और उसे सच्ची दोस्ती का प्रतीक बता रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

निखिल कुमार ने अपने दोस्त की जान बचाकर यह साबित कर दिया कि सच्ची दोस्ती केवल शब्दों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपने प्राणों का बलिदान देने का साहस भी रखती है।

विज्ञापन