‘नशे को ना, खेलों को हां’ का संदेश: मंडी में एंटी चिट्टा फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचीं दो टीमें

मंडी में एंटी चिट्टा अवेयरनेस फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न हुए। मैजीशियन एफसी और नेपोलियन एफसी ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। खिलाड़ियों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली।
‘नशे को ना, खेलों को हां’ का संदेश: मंडी में एंटी चिट्टा फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचीं दो टीमें
Oplus_16908288

डलहौज़ी हलचल | मंडी

जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित एंटी चिट्टा अवेयरनेस फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत गुरुवार को सेमीफाइनल मुकाबले उत्साह और रोमांच के बीच खेले गए। टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा “चिट्टा मुक्त मंडी–नशामुक्त हिमाचल” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यह आयोजन प्रदेशव्यापी एंटी चिट्टा जनजागरण अभियान का हिस्सा है।

मैजीशियन एफसी और नेपोलियन एफसी ने बनाई फाइनल में जगह

पहले सेमीफाइनल में सुंदरनगर एफसी और मैजीशियन एफसी के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें मैजीशियन एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे सेमीफाइनल में नेपोलियन एफसी ने एसपी-7 को 2-0 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

खिलाड़ियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

मैचों की शुरुआत से पहले सभी खिलाड़ियों को “चिट्टा मुक्त मंडी” की शपथ दिलाई गई। इस दौरान खिलाड़ियों ने नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवन अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

10 जुलाई को होगा फाइनल मुकाबला

अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 10 जुलाई को मैजीशियन एफसी और नेपोलियन एफसी के बीच खेला जाएगा। खेल प्रेमियों की नजरें इस खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।

खेलों से जुड़ने का किया आह्वान

मैचों के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों और युवाओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जिला प्रशासन ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। पूरे आयोजन के दौरान “नशे को ना, खेलों को हां” का संदेश प्रमुख आकर्षण बना रहा।

विज्ञापन