DC मंडी की छात्राओं को सीख- रोज 10-12 घंटे पढ़ाई करें, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं

मंडी में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत आयोजित एक्सपोजर विजिट में उपायुक्त अपूर्व देवगन ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और कठिन परिश्रम का महत्व बताया।
DC मंडी की छात्राओं को सीख- रोज 10-12 घंटे पढ़ाई करें, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं

डलहौज़ी हलचल | मंडी

उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने विद्यार्थियों से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर कठिन परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और आज की मेहनत ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है।

उपायुक्त शुक्रवार को अपने कार्यालय में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगला की जमा एक और जमा दो की छात्राओं के एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रहे थे।

छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र

अपूर्व देवगन ने छात्राओं से कहा कि यदि वे अपने जीवन के लक्ष्य को लेकर गंभीर हैं तो आज से ही पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मेहनत शुरू करें। उन्होंने विद्यार्थियों को योजनाबद्ध तरीके से प्रतिदिन 10 से 12 घंटे अध्ययन, समय का सदुपयोग और लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।

करियर और भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और करियर संबंधी आकांक्षाओं पर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने तथा असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी।

इस दौरान छात्राओं ने भी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उपायुक्त ने प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया।

बैंक में मिली वित्तीय और डिजिटल साक्षरता की जानकारी

एक्सपोजर विजिट के तहत छात्राओं ने भारतीय स्टेट बैंक की गांधी चौक शाखा का भ्रमण किया। यहां बैंक अधिकारियों ने उन्हें वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग, बचत की आदत, आर्थिक सशक्तिकरण तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।

साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों से भी छात्राओं को अवगत कराया गया।

महिला पुलिस थाने में मिली सुरक्षा संबंधी जानकारी

इसके बाद छात्राओं ने महिला पुलिस थाना भ्यूली का दौरा किया, जहां पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों और सरकारी प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।

छात्राओं ने बताया प्रेरणादायक अनुभव

छात्राओं ने इस एक्सपोजर विजिट को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी भी प्राप्त होती है, जो उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) अजय बद्रेल, बाल विकास परियोजना अधिकारी जितेंद्र कुमार सैनी तथा विद्यालय के अध्यापक भी उपस्थित रहे।

विज्ञापन