मंडी में 19 से 23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, 21 और 22 जुलाई को रेड अलर्ट जारी
डलहौज़ी हलचल | मंडी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार जिला मंडी में 19 जुलाई से 23 जुलाई, 2026 तक मौसम प्रतिकूल रहने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों के लिए विशेष परामर्श (एडवाइजरी) जारी की है। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने बताया कि 21 और 22 जुलाई को जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है।
जानिए किस दिन कौन-सा अलर्ट रहेगा
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार—
- 19 जुलाई: येलो अलर्ट
- 20 जुलाई: ऑरेंज अलर्ट
- 21 जुलाई: रेड अलर्ट
- 22 जुलाई: रेड अलर्ट
- 23 जुलाई: ऑरेंज अलर्ट
इन दिनों जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से की सतर्क रहने की अपील
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नागरिकों और पर्यटकों से मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदियों-नालों, उफनते खड्डों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अस्थिर ढलानों से दूर रहने की सलाह दी है।
उन्होंने ओवरफ्लो पुलों को पार न करने और आपात स्थिति के लिए मोबाइल फोन, टॉर्च, आवश्यक दवाइयां तथा अन्य जरूरी सामान पहले से तैयार रखने का भी आग्रह किया।
सभी विभाग हाई अलर्ट पर
उपायुक्त ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए आवश्यक मशीनरी, आपदा राहत दल और जरूरी सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने को कहा है। साथ ही अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
आपात स्थिति में यहां करें संपर्क
जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (EOC), मंडी से संपर्क करने की अपील की है।
संपर्क नंबर:
- 01905-226201
- 01905-226202
- 01905-226203
- 01905-226204
मोबाइल/व्हाट्सएप: 8544771889
टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन: 1077
