नगर निगम मंडी चुनावों की सभी तैयारियां पूरी, 14 वार्डों में 42 उम्मीदवार मैदान में
डलहौज़ी हलचल (मंडी): नगर निगम मंडी चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि नगर निगम के 14 वार्डों में पार्षदों के निर्वाचन के लिए 17 मई को सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
14 वार्डों में 42 उम्मीदवार मैदान में
उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम के 14 वार्डों में कुल 42 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि वार्ड नंबर-14 बेहना से सभी उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के कारण वहां चुनाव नहीं कराया जाएगा। इस वार्ड में कुल 2019 मतदाता पंजीकृत हैं।
नगर निगम क्षेत्र में 31 हजार से अधिक मतदाता
अपूर्व देवगन ने बताया कि नगर निगम मंडी क्षेत्र में कुल 31,263 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 15,368 पुरुष और 15,895 महिला मतदाता शामिल हैं।
इनमें से 29,244 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सबसे अधिक 2892 मतदाता वार्ड नंबर-1 खलियार में दर्ज हैं, जबकि सबसे कम 1327 मतदाता वार्ड नंबर-8 पैलेस कॉलोनी-1 में हैं।
36 मतदान केंद्र और 413 कर्मचारी तैनात
चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 413 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मतदान दलों को दिया गया प्रशिक्षण
अपूर्व देवगन ने बताया कि मतदान दलों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है तथा ईवीएम सहित अन्य चुनाव सामग्री संबंधित मतदान केंद्रों तक पहुंचा दी गई है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मतदाताओं से मतदान की अपील
उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदाता निर्धारित समय के भीतर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
