श्री मणिमहेश यात्रा से पहले उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने किया एनएच-154ए का निरीक्षण, मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश

श्री मणिमहेश यात्रा की तैयारियों के तहत उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए का निरीक्षण किया। 60 संवेदनशील स्थानों पर मशीनें, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
श्री मणिमहेश यात्रा से पहले उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने किया एनएच-154ए का निरीक्षण, मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश

डलहौज़ी हलचल | चंबा

आगामी श्री मणिमहेश यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धरवाला, बत्ती की हट्टी, दुर्गेठी सहित विभिन्न स्थानों का दौरा कर पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों पर चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।

यात्रा शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को मरम्मत कार्यों में तेजी लाने और यात्रा आरंभ होने से पहले सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर चट्टानों या पत्थरों के गिरने की आशंका है, वहां समय रहते ढीले पत्थरों को हटाकर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि यात्रा के दौरान यातायात सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 अतिसंवेदनशील स्थान चिन्हित

निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राहुल ने बताया कि चंबा से भरमौर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर 60 अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। इन स्थानों पर सड़क को सुचारु बनाए रखने के लिए 12 से 13 मशीनें तैनात की गई हैं। इसके अलावा प्रत्येक पांच किलोमीटर की दूरी पर एक मशीन उपलब्ध कराई गई है, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे तुरंत बहाल किया जा सके।

संवेदनशील क्षेत्रों में चौबीसों घंटे रहेंगी मशीनें और फ्लैगमैन

उन्होंने बताया कि बत्ती की हट्टी, चूड़ी तथा अन्य अति संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे दो-दो मशीनें तैनात रहेंगी। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में दो-दो फ्लैगमैन भी नियुक्त किए जाएंगे, जो भूस्खलन या पत्थर गिरने की स्थिति में यात्रियों और वाहन चालकों को समय पर सतर्क करेंगे।

बैरिकेडिंग और सड़क मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी

प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों की मरम्मत युद्धस्तर पर जारी है, ताकि स्थानीय लोगों और श्री मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप प्रबंधक एनएचएआई यशवंत ध्याल, साइट इंजीनियर साहिल तथा परीक्षित भी उपस्थित रहे।

विज्ञापन