एसडीएम अनिल भारद्वाज ने केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विद्यार्थियों को दिया नशामुक्ति का संदेश, प्रतियोगिता विजेताओं को मिले पुरस्कार

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में एसडीएम अनिल भारद्वाज ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
एसडीएम अनिल भारद्वाज ने केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विद्यार्थियों को दिया नशामुक्ति का संदेश, प्रतियोगिता विजेताओं को मिले पुरस्कार

डलहौज़ी हलचल | बनीखेत (चंबा)

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के अंतर्गत आयोजित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर तहसील वेलफेयर कार्यालय, डलहौजी के सहयोग से पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

एसडीएम अनिल भारद्वाज ने विजेताओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) डलहौजी अनिल भारद्वाज मुख्य अतिथि तथा केसर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

युवाओं से नशे से दूर रहने का किया आह्वान

अपने संबोधन में एसडीएम अनिल भारद्वाज ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए अनुशासित जीवन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ आदतों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि युवा नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें तो वे न केवल अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, तहसील वेलफेयर कार्यालय, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन नशामुक्त भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

विज्ञापन