हरोली में मेधावियों का सम्मान, 90% से ज्यादा अंक लाने वाले 200 से अधिक विद्यार्थियों को मिला एक्सीलेंस अवार्ड

हरोली में प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 200 से ज्यादा विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
हरोली में मेधावियों का सम्मान, 90% से ज्यादा अंक लाने वाले 200 से अधिक विद्यार्थियों को मिला एक्सीलेंस अवार्ड

डलहौज़ी हलचल | ऊना

हरोली विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड अब विद्यार्थियों के लिए नई प्रेरणा बनकर उभर रहा है। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और जमा दो की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 200 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

पिछले वर्ष से बढ़ी मेधावियों की संख्या

प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह में इस बार दसवीं कक्षा के 139 तथा जमा दो के 64 विद्यार्थियों सहित कुल 200 से अधिक मेधावियों को सम्मानित किया गया।

पिछले वर्ष ऐसे विद्यार्थियों की संख्या लगभग 150 थी। फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को 5,100 रुपये एवं 3,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

‘जीवन में कुछ बड़ा करने का संकल्प लेकर जाएं’

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे यहां से यह संकल्प लेकर जाएं कि उन्हें जीवन में कुछ बड़ा करना है। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग चुनौतियों से होकर गुजरता है और कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका साहस के साथ सामना करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सम्मान नहीं, प्रेरणा का माध्यम बना यह पुरस्कार

मुकेश अग्निहोत्री ने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन गया है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष शुरू की गई इस पहल का सकारात्मक परिणाम इस वर्ष स्पष्ट दिखाई दे रहा है, क्योंकि 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

हरोली में शिक्षा और खेल सुविधाओं का होगा विस्तार

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लॉ कॉलेज से पढ़े कई विद्यार्थी आज देश के सर्वोच्च न्यायालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हरोली में इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी तथा खड्ड क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण भी किया जाएगा।

विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील

मुकेश अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आग्रह करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि अच्छा चरित्र, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

आईएएस सचिन शर्मा ने साझा किए सफलता के अनुभव

समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र देते हुए कहा कि जीवन के अगले तीन-चार वर्ष उनके भविष्य की दिशा तय करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से परिणाम की चिंता छोड़कर पूरी ईमानदारी और लगन से मेहनत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि असफलता सफलता की यात्रा का एक पड़ाव है और अच्छी संगति, जिज्ञासा, सत्यनिष्ठा तथा निरंतर सीखने की भावना ही जीवन में आगे बढ़ने का आधार बनती है।

विज्ञापन