‘9 में से 8 जिला परिषदों पर भाजपा का परचम’, डॉ. राजीव बिंदल का सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला
डलहौज़ी हलचल | अर्की (सोलन)
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर रोजगार, भर्ती प्रक्रिया और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय भर्ती प्रक्रिया को भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और बैकडोर एंट्री का माध्यम बना दिया है।
डॉ. बिंदल अर्की में भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत शिमला एवं मंडी संसदीय क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित कर रहे थे।
‘रोजगार के वादे पूरे नहीं किए’
डॉ. बिंदल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने पहले वर्ष में एक लाख सरकारी नौकरियां, पांच लाख रोजगार और स्थायी सरकारी नौकरियों की गारंटी देने का वादा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के ढाई वर्ष पूरे होने के बावजूद इन वादों में से कोई भी पूरा नहीं किया गया।
‘भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती नियमों को दरकिनार कर मनमाने ढंग से नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री सार्वजनिक मंच से अपने विधानसभा क्षेत्र में 700 से अधिक लोगों को नौकरी दिलाने की बात स्वीकार कर चुके हैं, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में ऐसी नियमित भर्तियों का कोई उल्लेख नहीं है।
उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश में योग्यता और पारदर्शिता की जगह सिफारिश, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है।

‘युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़’
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश के हजारों शिक्षित युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार सृजन के लिए सरकार ने कोई ठोस नीति नहीं बनाई और न ही नए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए।
‘9 में से 8 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी’
डॉ. बिंदल ने कहा कि हाल ही में हुए जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनावों में 9 जिलों में से 8 जिलों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत जनता के बदलते रुख का संकेत है। उनके अनुसार ये परिणाम दर्शाते हैं कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है और आगामी विधानसभा चुनावों में बदलाव चाहती है।
कार्यकर्ताओं से किया जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा, सेवा और सुशासन के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की कथित वादाखिलाफी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को उजागर करने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
