कोटखाई को बड़ी सौगात: 87 लाख से बनेगा धार शरघाल संपर्क मार्ग, रिहाली मेले में रोहित ठाकुर ने की ये घोषणाएं

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई में 87 लाख रुपये से बनने वाले धार शरघाल संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया और रिहाली मेले में कई घोषणाएं कीं।
कोटखाई को बड़ी सौगात: 87 लाख से बनेगा धार शरघाल संपर्क मार्ग, रिहाली मेले में रोहित ठाकुर ने की ये घोषणाएं

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई में 87 लाख रुपये से बनने वाले धार शरघाल संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया और रिहाली मेले में कई घोषणाएं कीं।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 87 लाख से बनने वाले धार शरघाल संपर्क मार्ग का किया भूमि पूजन, रिहाली मेले में की घोषणाएं

डलहौज़ी हलचल | शिमला

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने एक दिवसीय कोटखाई प्रवास के दौरान पराली बदरूनी पंचायत में बहुप्रतीक्षित हरिजन बस्ती धार शरघाल संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। करीब 1500 मीटर लंबे इस संपर्क मार्ग के निर्माण पर 87 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

रिहाली मेले में माता देवी नंदन का लिया आशीर्वाद

इसके बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर देवरी खनेटी पहुंचे, जहां उन्होंने जिला स्तरीय ऐतिहासिक रिहाली मेले में भाग लेकर माता देवी नंदन का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि रिहाली मेला माता देवी नंदन के सम्मान में प्रतिवर्ष सावन माह में आयोजित होने वाला पारंपरिक एवं ऐतिहासिक मेला है, जिसमें स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।

उन्होंने बताया कि देवरी खनेटी में आयोजित होने वाले रिहाली मेले का इतिहास हजारों वर्ष पुराना माना जाता है और इसका सीधा संबंध देवी नंदन तथा खनेटी राजपरिवार से है।

यह मेला सात सौ खनेटी के साथ पराली, बदरूनी, देवरी-खनेटी, कुल्टी और क्यारवी क्षेत्रों तथा पराली, शिल्ली, अलावंग, शुकीनाली और बसौल परगनों के निवासियों की सहभागिता से मनाया जाता है। देवता बेंद्रा और डोम देवता भी इस पारंपरिक मेले में भाग लेते हैं।

‘युवा अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहें’

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान रखती है और मेले एवं त्योहार इस संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत से जुड़े रहने तथा ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

रोहित ठाकुर ने मां देवी नंदन मंदिर प्रबंधन समिति खनेटी और सभी आयोजकों को रिहाली मेले, वॉलीबॉल टूर्नामेंट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

वॉलीबॉल खिलाड़ियों को किया सम्मानित

शिक्षा मंत्री ने वॉलीबॉल टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनके विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण खेल संस्थान ठाकुर रामलाल खेल छात्रावास में वॉलीबॉल और कबड्डी सहित आठ खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां की छात्राएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।

हाई मास्ट लाइट के लिए 4 लाख, मेला कमेटी को 50 हजार की घोषणा

रिहाली मेले के अवसर पर शिक्षा मंत्री ने क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए 4 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इसके साथ ही उन्होंने मेला कमेटी एवं स्थानीय क्लब को 50 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

विधानसभा क्षेत्र में निर्माण कार्यों पर खर्च हो रहे करीब 550 करोड़

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों पर करीब 550 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवरी खनेटी के भवन का निर्माण 40 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है और इसका कार्य प्रगति पर है।

10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का हो रहा निर्माण

रोहित ठाकुर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण किया जा रहा है।

इनमें 1 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी खनेटी भी शामिल है, जिसे जनता को समर्पित किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलना शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के लिए सब-जज कोर्ट, वेटरनरी अस्पताल और आदर्श स्वास्थ्य संस्थान सहित विभिन्न सुविधाओं को स्वीकृति मिली है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 182 सड़कों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

सेब सीजन से पहले सड़क दुरुस्त करने के निर्देश

शिक्षा मंत्री ने हाल ही में क्षतिग्रस्त हुई कोटखाई-खनेटी-देवरीघाट-जाशला सड़क का भी संज्ञान लिया। उन्होंने सेब सीजन को देखते हुए संबंधित विभाग को सड़क की जल्द मरम्मत कर यातायात के लिए बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सेब सीजन के दौरान बागवानों और स्थानीय लोगों को आवागमन तथा अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सड़क व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, स्थानीय पंचायत प्रधान प्रियंका राजटा, आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि, जुब्बल-नावर-कोटखाई युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, एसडीएम कोटखाई, बीडीओ कोटखाई, अधिशासी अभियंता, तहसीलदार कोटखाई, टीका गौरव चंद परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन