राजीव गांधी जयंती पर चंबा में सद्भावना दिवस, उपायुक्त ने दिलाई एकता और भाईचारे की शपथ
डलहौज़ी हलचल | चंबा पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज उपायुक्त कार्यालय चंबा में सद्भावना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना दिवस की शपथ दिलाई।
जाति, धर्म और भाषा के आधार पर भेदभाव न करने की शपथ
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई।
साथ ही सभी प्रकार के मतभेदों को हिंसा का सहारा लिए बिना बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने का संकल्प भी दिलाया गया।
राष्ट्रीय एकता और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर
मुकेश रेपसवाल ने कहा कि सद्भावना दिवस का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि विविधताओं से भरे भारत में सभी वर्गों के बीच आपसी सम्मान, सहयोग और सौहार्द की भावना लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन मूल्यों को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह, नाजिर प्रवीण मैहता सहित उपायुक्त कार्यालय के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
