सराज को मुख्यमंत्री का बड़ा तोहफा! 137 करोड़ से चौड़ी होगी चैल-चौक-जंजैहली सड़क, कई सड़कों के लिए भी मिला बजट

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सराज विधानसभा क्षेत्र की चैल-चौक-जंजैहली सड़क के चौड़ीकरण के लिए 137.40 करोड़ रुपये स्वीकृत होने की जानकारी दी।
सराज को मुख्यमंत्री का बड़ा तोहफा! 137 करोड़ से चौड़ी होगी चैल-चौक-जंजैहली सड़क, कई सड़कों के लिए भी मिला बजट

सराज विधानसभा क्षेत्र के विकास पर मुख्यमंत्री का फोकस

डलहौज़ी हलचल | मंडी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों के संतुलित और समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सोमवार को शिमला स्थित उनके सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी के नेतृत्व में उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे का निमंत्रण भी दिया।

137 करोड़ रुपये से चौड़ी होगी चैल-चौक-जंजैहली सड़क

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से चैल-चौक-जंजैहली सड़क के चौड़ीकरण के लिए 137.40 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत हुई है। 83 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को आपदा के बाद संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने और क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत प्राथमिकता के आधार पर भेजा गया था।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी।

विभिन्न सड़कों के रखरखाव के लिए भी स्वीकृत हुई राशि

मुख्यमंत्री ने सराज विधानसभा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों के रखरखाव और सुदृढ़ीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इनमें शामिल हैं:

  • नौणा-छलैला-विनीधार सड़क – 10 लाख रुपये
  • बालीचौकी-खलोआ-शारश सड़क – 20 लाख रुपये
  • नौणा-भराड़ी सड़क – 10 लाख रुपये
  • खनेठी-खूहन सड़क – 10 लाख रुपये
  • हणोगी-शलोई-छमार सड़क – 10 लाख रुपये

आपदा प्रभावितों को मिल रही ऐतिहासिक राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा के दौरान भारी नुकसान हुआ था। राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को अधिकतम सहायता उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने अपने संसाधनों से आपदा राहत राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है।

उन्होंने बताया कि पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए राहत राशि को 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया गया है। अन्य सहायता को मिलाकर प्रभावित परिवारों को कुल 8 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद प्रदान की जा रही है।

घरेलू सामान, पशुधन और पॉलीहाउस के नुकसान पर भी सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि घरेलू उपयोग की वस्तुओं के नुकसान पर अब मकान मालिकों को 1 लाख रुपये और किरायेदारों को 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए भी 1 लाख रुपये की राहत निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि पहली बार पॉलीहाउस क्षति पर 25 हजार रुपये तथा मकानों से मलबा और गाद हटाने के लिए 50 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा गाय की मृत्यु पर 55 हजार रुपये तथा भेड़-बकरी के नुकसान पर प्रति पशु 9 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। गौशाला पुनर्निर्माण के लिए भी 50 हजार रुपये अतिरिक्त सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री का जताया आभार

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी ने सराज विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के लिए धनराशि स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में सराज विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों के लिए अभूतपूर्व सहयोग और संसाधन प्राप्त हो रहे हैं।

विज्ञापन