शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026: जिला मिनी बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारम्भ, 180 खिलाड़ी ले रहे भाग

शिमला में बैडमिंटन का महाकुंभ शुरू, 180 युवा खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026: जिला मिनी बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारम्भ, 180 खिलाड़ी ले रहे भाग

डलहौज़ी हलचल | शिमला

अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत जिला मिनी बैडमिंटन चैंपियनशिप (अंडर-11, 13 एवं 15 बॉयज और गर्ल्स वर्ग) का शुभारम्भ मंगलवार को इंदिरा गांधी खेल परिसर में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने किया, जबकि सहायक आयुक्त देवी चंद ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

चार दिनों तक चलेगी प्रतियोगिता

10 जून से 13 जून तक आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में शिमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 180 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खेल और शिक्षा दोनों हैं जरूरी : अनुपम कश्यप

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ खेलों का भी महत्वपूर्ण स्थान है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं।

उन्होंने बैडमिंटन एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा हर वर्ष इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करना सराहनीय प्रयास है।

खिलाड़ियों के साथ अभिभावकों की भूमिका भी अहम

उपायुक्त ने बच्चों के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे अभिभावकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उनके सहयोग और प्रोत्साहन से ही बच्चे खेलों में आगे बढ़कर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाते हैं।

खेलों में बेटियां बढ़ा रहीं प्रदेश का गौरव

अनुपम कश्यप ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में हिमाचल की बेटियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

नशे से दूर रहकर खेलों में बनाएं भविष्य

उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें। खेलों के माध्यम से वे अपने माता-पिता, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

बैडमिंटन एसोसिएशन ने किया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और प्रतियोगिता की रूपरेखा से अवगत करवाया। वहीं, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बलवंत झौटा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव सुमित धौता, अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

विज्ञापन