भारी बारिश का अलर्ट: सिरमौर में आज सभी स्कूल बंद, भूस्खलन के खतरे के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला

भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सिरमौर जिले में 10 जुलाई को सभी सरकारी-निजी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
भारी बारिश का अलर्ट: सिरमौर में आज सभी स्कूल बंद, भूस्खलन के खतरे के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला

डलहौज़ी हलचल | सिरमौर

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग की भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन सिरमौर ने 10 जुलाई को जिले के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जारी किए आदेश

जिला उपायुक्त प्रियंका वर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क प्रभावित हो रहा है, भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है तथा पहाड़ी इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे हालात में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां विद्यार्थियों के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं, इसलिए यह फैसला जनहित में लिया गया है।

विभिन्न उपमंडलों में पहले ही जारी हो चुके थे आदेश

जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में गुरुवार देर रात ही शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी कर दिए गए थे। इसके बाद शुक्रवार तड़के नाहन, संगड़ाह, पच्छाद और राजगढ़ उपमंडलों के एसडीएम ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए।

शिक्षकों और कर्मचारियों को मिले ड्यूटी पर रहने के निर्देश

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों के लिए बंद रहेंगे, लेकिन सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहना होगा। उन्हें ड्यूटी से कोई छूट नहीं दी गई है।

यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30(5) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं।

कई सड़कें बंद, शिमला में भी बारिश का असर

भारी बारिश के चलते सिरमौर जिले में कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं राजधानी शिमला में भी बारिश का असर देखने को मिला। विकासनगर क्षेत्र में एक इमारत के सामने बनी दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आने से सड़क किनारे खड़े दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।

विज्ञापन