काज़ा में सजेगा राज्य स्तरीय लादारचा मेला, तीन सांस्कृतिक संध्याओं में दिखेगा लोक संस्कृति का रंग
डलहौज़ी हलचल | काज़ा
जिला लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी के पारंपरिक एवं प्रसिद्ध राज्य स्तरीय लादारचा मेले के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी अगस्त माह के तीसरे सप्ताह में लादारचा मैदान काज़ा में आयोजित होने वाले इस मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय काज़ा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम काज़ा दीक्षित राणा ने की।
बैठक में मेले के सफल आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शोभायात्रा, खेल गतिविधियों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
काज़ा गोंपा से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
एसडीएम दीक्षित राणा ने बताया कि राज्य स्तरीय लादारचा मेले का शुभारंभ पारंपरिक शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा काज़ा गोंपा से शुरू होकर अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय होते हुए लादारचा मेला मैदान तक पहुंचेगी।
इसमें विभिन्न गोंपाओं के लामागण एवं चोमोगण, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय लोगों की विशेष भागीदारी रहेगी। प्रतिभागी अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर स्पीति की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत की झलक प्रस्तुत करेंगे।
तीन सांस्कृतिक संध्याएं रहेंगी मेले का मुख्य आकर्षण
लादारचा मेले की तीनों सांस्कृतिक संध्याओं में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आकर्षक बनाने के लिए प्रदेश के बाहर से भी कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा।
इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों और हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकारों को सांस्कृतिक संध्याओं में प्राथमिकता दी जाएगी। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए बड़ा मंच मिलने के साथ स्पीति की विशिष्ट लोक संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
वॉलीबॉल से आर्चरी तक होंगी खेल प्रतियोगिताएं
मेले को सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ खेलों से भी जोड़ा जाएगा। आयोजन के दौरान वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और आर्चरी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
सफल आयोजन के लिए बनेंगी उप-समितियां
एसडीएम दीक्षित राणा ने कहा कि राज्य स्तरीय लादारचा मेले के व्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए मेला प्रबंधन उप-समितियों का गठन किया जाएगा। अलग-अलग समितियों को आयोजन से संबंधित विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें।
बैठक में तहसीलदार धर्मपाल नेगी, एसएचओ जगदीश चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
