चलती कार पर गिरा विशाल पेड़, पलभर में मचा हड़कंप; चमत्कारिक रूप से बची पर्यटकों की जान
डलहौज़ी हलचल | चंबा
चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित कटोरी बंगला के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब अचानक एक विशाल पेड़ चलती कार पर आ गिरा। हादसे में हरियाणा नंबर की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अचानक भरभराकर कार पर गिरा पेड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरियाणा पंजीकरण वाली कार जैसे ही कटोरी बंगला के समीप पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़ा एक कमजोर और भारी-भरकम पेड़ अचानक भरभराकर कार की छत और अगले हिस्से पर गिर पड़ा।
पेड़ का वजन इतना अधिक था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार में मौजूद पर्यटक घबरा गए, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार के दरवाजे खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों ने निभाई अहम भूमिका
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए राहत कार्य शुरू किया। कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद सभी ने इस अप्रत्याशित दुर्घटना में सुरक्षित बचने पर भगवान का शुक्रिया अदा किया।
कुछ समय तक बाधित रहा यातायात
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से कटर मशीनों की मदद से पेड़ की भारी शाखाओं को काटकर सड़क से हटाया गया। इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही दोबारा बहाल की गई।
पेड़ हटाए जाने तक चंबा-पठानकोट मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित रहा।
खतरनाक पेड़ों को हटाने की उठी मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मानसून के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों के किनारे खड़े सूखे एवं जर्जर पेड़ों का सर्वेक्षण कर उन्हें समय रहते हटाया जाए।
लोगों का कहना है कि ऐसे पेड़ कभी भी गिरकर राहगीरों और पर्यटकों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मानसून सीजन में विशेष अभियान चलाकर संभावित खतरे वाले पेड़ों को चिन्हित कर हटाने की मांग की है।
